देहरादून 25 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेंशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं पर प्राथमिकता से ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का विमोचन भी किया। गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।
