कार्तिक पूर्णिमा और प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री ने खटीमा के गुरुद्वारा साहिब में टेका माथा, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
हेमकुंड साहिब रोपवे और रीठा साहिब में धर्मशाला निर्माण से श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं।
खटीमा 24 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और सिख पंथ के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा और प्रकाश पर्व की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से सत्य, सेवा, समानता और परोपकार का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ ही जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। गुरु नानक देव जी का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी एवं किशन सिंह किन्ना, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
