भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों और लोक परंपराओं का प्रतीक है झनकईया मेला : धामी।
खटीमा में शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के समीप स्नान घाट बनाने की घोषणा।
खटीमा 24 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा में ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध हैं और दोनों देशों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि मेले में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस मेले को विशेष पहचान देते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम-जनमन और अटल आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों की सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। साथ ही पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से मेले में स्नान घाटों, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के तहत क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास कर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर वोकल फॉर लोकल का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।







