श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा, बैकुंठ चतुर्दशी मेले का किया शुभारंभ।
श्रीनगर 23 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसकर स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर बसा श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने तथा नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही। इसके साथ ही पंचप्रयाग के पांचों संगम स्थलों विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द ही हेली सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि श्रीनगर क्षेत्र में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। श्रीनगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वहीं कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण और पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मातृशक्ति के सशक्तीकरण के लिए भी लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। नकल माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक विनोद कंडारी, विधायक राजकुमार पोरी, महापौर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।









