देहरादून 23 दिसंबर 2025। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 के उपलक्ष्य में उत्तराखंड में सहकारिता को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजित सहकारिता मेले में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सहकारिता से जुड़े किसानों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों से संवाद किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किया गया है, जिसके तहत राज्य के सभी जनपदों में सहकारिता मेले आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक 11 जनपदों में मेले संपन्न हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि सहकारिता के माध्यम से किसानों और आम लोगों को बड़ा मंच मिल रहा है। राज्य के सहकारी बैंकों में 16 हजार करोड़ रुपये की जमा राशि लोगों के भरोसे का प्रमाण है। सहकारिता के जरिए लोग रोजगार और स्वरोजगार को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे अंत्योदय वर्ग को भी सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है।



