ऋषिकेश में मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास, 36 करोड़ से अधिक की 7 विकास योजनाओं की सौगात।
ऋषिकेश 10 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश के चंद्रेश्वरनगर में आयोजित कार्यक्रम में देवभूमि रजत जयंती पार्कों और विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के 9 नगर निकायों में विकसित पार्क जनता को समर्पित किए गए। इसके साथ ही देहरादून जनपद में 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 7 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 8 कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की रजत जयंती के अवसर पर सरकार ने विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में शहरी क्षेत्रों में देवभूमि रजत जयंती पार्क विकसित किए गए हैं। इन पार्कों में बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने और युवाओं के योग एवं व्यायाम के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही इनमें उत्तराखंड की संस्कृति, लोक परंपराओं और स्थानीय वनस्पतियों की झलक भी देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण से करीब 109 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग योग्य बनाया गया है। रुद्रपुर और मसूरी में कचरे से बायोगैस का उत्पादन किया जा रहा है, जबकि चारधाम यात्रा मार्गों पर 60 हजार किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक वापस एकत्र किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत योजना के प्रथम चरण में स्वीकृत 151 परियोजनाओं में से 148 पूरी हो चुकी हैं। इनके माध्यम से 72 हजार से अधिक घरों को नल कनेक्शन दिए गए हैं। अमृत 2.0 के तहत करीब 650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से पेयजल सुविधाओं का विस्तार और जलस्रोतों का पुनर्जीवन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 62 हजार से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश में 35 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं और 114 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने, शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
