भूमि बचाओ-धामी हटाओ अभियान के तहत कांग्रेस ने पटवाडांगर में बांधा रक्षा सूत्र, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप।
पटवाडांगर (नैनीताल), 4 नवंबर 2026। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने धामी सरकार पर उत्तराखंड की बेशकीमती सरकारी जमीनों और ऐतिहासिक धरोहरों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार करीब एक लाख करोड़ रुपये की सरकारी संपत्तियों को 60 से 90 साल की लीज पर निजी हाथों में देने की प्रक्रिया में जुटी है।
कांग्रेस के प्रदेशव्यापी ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान के तहत यशपाल आर्य ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पटवाडांगर की 13.64 एकड़ जमीन और ज्योलीकोट निरीक्षण भवन को निजी हाथों में सौंपने के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान संपत्तियों पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें बचाने का संकल्प लिया गया।
यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि पटवाडांगर की जमीन को लेकर सरकारी दस्तावेजों में ही मालिकाना हक और रकबे को लेकर विरोधाभास है। कभी जमीन को जैव प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कभी कृषि एवं उद्यान विभाग और कभी जैव प्रौद्योगिकी परिषद से संबंधित बताया गया। उन्होंने कहा कि जमीन की पैमाइश और राजस्व अभिलेख तैयार होने से पहले ही इसे निजी परियोजना के लिए आवंटित कर दिया गया। अब इसी जमीन को 90 साल की लीज पर देने के लिए टेंडर जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि पटवाडांगर की 13.64 एकड़ जमीन का रिजर्व प्राइस 37.80 करोड़ रुपये रखा गया है, जबकि इसका बाजार मूल्य करीब 82 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। आर्य ने आरोप लगाया कि होटल परियोजना के कारण नैनीताल के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को भी दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ज्योलीकोट के ऐतिहासिक निरीक्षण भवन सहित नैनीताल जिले की रामगढ़, रातीघाट, रानीबाग और पाटकोट की जमीनों को भी निजी हाथों में सौंपने की तैयारी पर सवाल उठाए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में गरीबों को आवास देने और विकास परियोजनाओं के लिए क्षतिपूरक वनीकरण की जमीन उपलब्ध नहीं है, लेकिन सरकार सैकड़ों एकड़ सरकारी जमीन निजी हाथों में सौंप रही है। उन्होंने मांग की कि सभी निविदाएं तत्काल निरस्त कर यूआईआईडीबी को दी गई जमीनें संबंधित विभागों को वापस की जाएं। साथ ही जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट की लीज रद्द कर पूरे मामले की हाईकोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए।
इस दौरान कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य गुरदीप सप्पल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
