प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्र नाथ शर्मा ने रुद्रप्रयाग और केदारनाथ विधानसभा की संगठनात्मक बैठकों में कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी जीत का मंत्र।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के नारे के साथ बूथ और शक्ति केंद्रों को मजबूत करने पर जोर, सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान।
रुद्रप्रयाग 2 नवंबर 2026। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रुद्रप्रयाग और केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्र नाथ शर्मा ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान करते हुए बूथ और शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
रुद्रप्रयाग विधानसभा की बैठक भाजपा जिला कार्यालय में, जबकि केदारनाथ विधानसभा की बैठक अगस्त्यमुनि स्थित हिल क्रौंच होटल में आयोजित हुई। दोनों बैठकों में संगठन की आगामी कार्ययोजना, चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्र नाथ शर्मा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के आधार पर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। यह केवल राजनीतिक लक्ष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का व्यापक संकल्प है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और इस विचार को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पंच परिवर्तन अवधारणा का उल्लेख करते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया।
वहीं, विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे मजबूत इकाई बूथ है। ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के मंत्र के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को मजबूत बनाने में जुटना होगा। इसके लिए बूथ समितियों को सक्रिय करने, शक्ति केंद्रों पर नियमित संगठनात्मक गतिविधियां चलाने और पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाने के निर्देश दिए।
शर्मा ने कहा कि चुनाव की तैयारी अंतिम समय में नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच सक्रिय रहकर की जाती है। कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाते हुए पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
बैठकों की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने की। इस दौरान जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, जिला सह-प्रभारी रघुवीर सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री विजय कप्रवान, चंडी प्रसाद भट्ट, ऐश्वर्या रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर सिंह पंवार, शकुंतला जगवान, पूर्व राज्य मंत्री दिनेश बगवाड़ी, अजय सेमवाल, जिला महामंत्री अरुण चमोली और रायसिंह राणा सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ एवं शक्ति केंद्रों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
