Writing
पदयात्रा, प्रेस कॉन्फ्रेंस और युवा संवाद के जरिए जनता तक पहुंचेगी भाजपा।
अभियान के लिए पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां।
देहरादून 25 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभियान के तहत प्रदेशभर में पदयात्रा, प्रेस कॉन्फ्रेंस, राष्ट्रीय चिंतन संवाद, युवा संवाद और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के संचालन के लिए पार्टी ने अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
अभियान की प्रदेश टोली में भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर और रामपाल को शामिल किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिम्मेदारी प्रदेश मीडिया संयोजक मनवीर चौहान के साथ विनय गोयल और भुवन जोशी को सौंपी गई है। वहीं, पदयात्रा कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, प्रदीप बत्रा और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट जिम्मेदारी निभाएंगे।
अभियान के तहत विधानसभा स्तर पर राष्ट्रीय चिंतन संवाद आयोजित किए जाएंगे। साथ ही युवाओं के बीच ‘लोकतंत्र बनाम अराजकता’ विषय पर संवाद के जरिए विचार-विमर्श किया जाएगा। युवा संवाद की जिम्मेदारी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली सहित अन्य पदाधिकारियों को दी गई है।
इसके अलावा जनसंपर्क अभियान और मैगजीन से जुड़े कार्यों के लिए भी पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। संपर्क अभियान में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल और राकेश गिरी सहित अन्य पदाधिकारी भूमिका निभाएंगे। वहीं, मैगजीन से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी दीप्ति रावत, विनय रुहेला और धीरेन्द्र पंवार को सौंपी गई है।
भाजपा की ओर से जारी सूची में अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों और उनके संचालन के लिए नियुक्त पदाधिकारियों का विवरण दिया गया है।
बाइट: सुनीता विद्यार्थी, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा
