रुद्रप्रयाग 7 अक्टूबर 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को गुलाबराय मैदान, रुद्रप्रयाग में ‘सेवा ज्योति यात्रा–विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने सुना।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर लोगों को विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ की भावना को केंद्र में रखकर देश को विकास की नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
उन्होंने लोगों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने भी संबोधित किया। इस दौरान सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई और विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, सह प्रभारी रघुवीर सिंह बिष्ट, राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
