देहरादून, 5 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों समेत कुल 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।





मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा को केवल नौकरी न मानकर जनसेवा का माध्यम बनाया जाए। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्मिकों की भूमिका सीधे आमजन के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी है, इसलिए उनकी संवेदनशीलता और तत्परता लोगों का भरोसा मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को मॉडल आयुष प्रदेश और ग्लोबल वेलनेस हब बनाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। सभी जिलों में आयुष सेवाओं का विस्तार, पंचकर्म सेवाओं का आधुनिकीकरण और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं ईएसआई स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर सभी 13 जिलों तक पहुंचाया गया है।
आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने भी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की
