कोटद्वार, 4 अक्टूबर 2026। वन्यजीव सप्ताह के तहत रविवार को कोटद्वार में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को लेकर बाइक रैली का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से हरिद्वार के लिए रवाना हुई बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई।
रैली का उद्देश्य वन्यजीवों के संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि वन्यजीव हमारी प्राकृतिक धरोहर और पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनका संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। ऐसे में वनों, वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि इस तरह की जागरूकता रैलियां लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करती हैं और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देती हैं।
रैली में कालागढ़ टाइगर रिजर्व, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, राजाजी टाइगर रिजर्व और उत्तराखंड वन विकास निगम के अधिकारी-कर्मचारियों समेत करीब 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
