देहरादून, 26 सितंबर 2026। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा विभाग की पहल पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के माध्यम से संस्कृत विद्यार्थियों के लिए 17 दिवसीय इनट्यूशन प्रशिक्षण तथा शिक्षकों के लिए आनंद कार्यक्रम का शुभारंभ श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय, देहरादून में हुआ। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार गैरोला और समापन सत्र में कैबिनेट मंत्री खजान दास उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में चार संस्कृत विद्यालयों—श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय, श्रीमद् दयानंद आर्ष ज्योतिर्मठ गुरुकुल, श्री शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय और द्रोणस्थली आर्ष कन्या गुरुकुल महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। विभाग के अनुसार, संस्कृत विद्यालयों में इस तरह का प्रशिक्षण देश में पहली बार आयोजित किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों और शिक्षकों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, अंतर्ज्ञान और आंतरिक क्षमताओं का विकास करना है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आंखों पर पट्टी बांधकर पढ़ने जैसी गतिविधियों का भी अभ्यास कराया जा रहा है।
वहीं, शिक्षकों के लिए आयोजित आनंद कार्यक्रम में तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच, प्रसन्नता और मानसिक शांति से जुड़े विभिन्न अभ्यास कराए गए। कार्यक्रम में संस्कृत शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधक आचार्य पवन कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, आयोजकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का पहला दिन उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हुआ।





