देहरादून, 25 सितंबर 2026। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का मार्ग दिखाया। उनका एकात्म मानववाद का दर्शन आज भी समाज और राष्ट्र के समग्र विकास के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल का जीवन सादगी, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर केंद्र और राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
मंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों का भारत तभी साकार होगा, जब विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, राज्यमंत्री शमशेर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रापत, निरंजन डोभाल, आरएस परिहार, पूनम नौटियाल, लक्ष्मण सिंह रावत, समीर डोभाल, पं. बिपिन जोशी सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
