नशामुक्ति, पारदर्शी व्यवस्था और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर दिया जोर
रुद्रप्रयाग, 24 सितंबर 2026। सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति आज देश और समाज के सामने गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, संस्कार, रोजगार, योग, खेल और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए संत समाज, सरकार, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाना होगा। उन्होंने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए शासन-प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना को मजबूत करने की जरूरत बताई।
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर देश में व्यापक और तथ्यपरक चर्चा होनी चाहिए। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने वाले सभी पहलुओं पर विचार किया जाना आवश्यक है।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक और पर्यटन की दृष्टि से भी देश की महत्वपूर्ण धरोहर है। चारधाम समेत प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों का सुव्यवस्थित विकास श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी गति दे सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रदेश के विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और चारधाम यात्रा को सुविधाजनक बनाने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवान और ऋषि प्रसाद सती के पर्यटन एवं संस्कृति के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और स्थानीय अर्थव्यवस्था से भी जुड़ी है। इसलिए तीर्थस्थलों के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय युवाओं के रोजगार, स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
स्वामी रसिक महाराज ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त, संस्कारित और राष्ट्र के प्रति समर्पित युवा ही विकसित एवं सशक्त भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।
उन्होंने सामाजिक एकता, राष्ट्र चेतना, भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता, नशामुक्ति तथा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवान और प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश भट्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
