देहरादून, 21 सितंबर 2026। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वीर सपूत अजीत डोभाल के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग कांग्रेस की राजनीतिक सोच और संस्कृति को दर्शाता है।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश की सुरक्षा और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय निर्णयों में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश के सैनिक दिन-रात सीमाओं की रक्षा करते हैं, जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अधिकारी देशहित में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां उचित नहीं हैं।
गणेश जोशी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा पूर्व में देश के प्रथम सीडीएस एवं उत्तराखंड के वीर सपूत दिवंगत जनरल बिपिन रावत को लेकर भी विवादित टिप्पणियां की गई थीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणी भी उसी राजनीतिक सोच को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अधिकारियों और सैनिकों का अपमान केवल किसी व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि भारतीय सेना और राष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था के प्रति भी अनादर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धरती ने देश को असंख्य वीर सैनिक और सैन्य अधिकारी दिए हैं, जिनकी राष्ट्रसेवा पर प्रत्येक उत्तराखंडी को गर्व है।
गणेश जोशी ने कहा कि अजीत डोभाल उत्तराखंड के गौरव हैं और उनके प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी से प्रदेश की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अपने वीर सैनिकों तथा राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने वाले अधिकारियों के सम्मान के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
