खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर खेलों में आगे बढ़ने का दिया संदेश
खेल के प्रति समाज की सोच बदली, अभिभावक बच्चों को खेलों के लिए कर रहे प्रोत्साहित : रेखा आर्या
सोमेश्वर (अल्मोड़ा), 20 सितंबर 2026। प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या आज सोमेश्वर स्थित सोमनाथ ग्राउंड पहुंचीं, जहां उन्होंने विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि खेलों को लेकर समाज की सोच में भी बदलाव आया है और अब अभिभावक अपने बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
रेखा आर्या ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, आयोजकों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है। खिलाड़ियों को हार से घबराने के बजाय अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति मजबूत करते हुए लगातार आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ-साथ शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के तहत अंडर-14 बालक एवं बालिका तथा अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मोहन दौसाद, मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष दलीप रौतेला, जिला युवा कल्याण अधिकारी डी.एन. कांडपाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राजा यादव, खंड विकास अधिकारी केसर सिंह बिष्ट, ब्लॉक समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कोहली, पूर्व मंडल महामंत्री कैलाश बोरा, पूर्व कोऑपरेटिव अध्यक्ष प्रकाश भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपाल मेहरा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शंकर बिष्ट, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी, पूर्व प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष सुरेश बोरा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश जोशी सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और खिलाड़ी उपस्थित रहे
