देहरादून, 20 सितम्बर 2026। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र के राजेन्द्र नगर गली नंबर-04 स्थित पार्क का 53.26 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण किया गया। प्रदेश के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को पार्क का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राजेन्द्र नगर क्षेत्र के निवासियों की लंबे समय से पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की मांग थी, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का विकास भी जरूरी है, ताकि स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि शहरों का विकास केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों को बेहतर जीवनशैली और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है। पार्क बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता और सामुदायिक भवन निर्माण से संबंधित कार्यवाही भी जल्द पूरी की जाएगी।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने 87 वर्षीय मोहन लाल गांधी का सम्मान भी किया। उन्होंने कहा कि मोहन लाल गांधी ने यह साबित किया है कि सीखने और ज्ञान अर्जित करने की कोई उम्र नहीं होती। 87 वर्ष की आयु में भी उनका अध्ययन के प्रति उत्साह और लगातार कुछ नया सीखने की ललक सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने निरंतर अध्ययन करते हुए विभिन्न डिग्री और डिप्लोमा हासिल किए हैं। यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरक संदेश है कि सीखने की इच्छा और दृढ़ संकल्प हो तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
इस अवसर पर पार्षद नंदिनी शर्मा ने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया और वार्डवासियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, कंचन ठाकुर, राकेश जोशी, सोसाइटी अध्यक्ष डीपी सैनी, दीपक सकलानी, संदीप कुमार, अंकित जोशी, यशवीर चौहान, गुरपाल सिंह, संजय गुप्ता, डीडी अरोड़ा, एमडीडीए के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
