देहरादून 19 सितंबर 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 10,709 पात्र निर्माण श्रमिक लाभार्थियों के खातों में 18 करोड़ 49 लाख रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।



इसमें शिक्षा सहायता के 8,083, पुत्री विवाह सहायता के 2,354, मृत्युपरांत सहायता के 177 और प्रसूति सहायता के 95 लाभार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ हर पात्र श्रमिक परिवार तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच के दौरान बीमारी सामने आने पर उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने त्योहारी सीजन में विभागीय योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक जनसेवा और जनसुविधा के कार्य करने को कहा।
कार्यक्रम में बताया गया कि अब तक श्रमिक परिवारों को 83,319 शिक्षण, स्वच्छता और पोषण किट वितरित की जा चुकी हैं। वहीं श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत 20,527 स्क्रीनिंग और 2,32,281 स्वास्थ्य परीक्षण किए गए हैं। LCCMS के जरिए 21,200 प्रतिष्ठानों का ऑनलाइन पंजीकरण हुआ है और सेस संग्रह में 47.21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
