देहरादून 18 सितंबर 2026। गढ़ी कैंट स्थित गोर्खाली सुधार सभा में शुक्रवार को 03 कुमाऊं रेजीमेंट का रेजिंग-डे समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रेजीमेंट के सैनिकों, पूर्व सैनिकों, सैन्य अधिकारियों, वीर नारियों और उनके परिजनों को रेजिंग-डे की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कुमाऊं रेजीमेंट का इतिहास भारतीय सेना के शौर्य, साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली गाथाओं से भरा है। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए रेजीमेंट के वीर जवानों ने कठिन परिस्थितियों में अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि जब देशवासी चैन की नींद सोते हैं, तब सैनिक सीमाओं पर जागकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
जोशी ने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि के रूप में भी जाना जाता है। प्रदेश के हजारों परिवारों की पीढ़ियों ने सेना में सेवाएं दी हैं। उन्होंने शहीद सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग और शौर्य आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण की जिम्मेदारी सरकार और समाज की सामूहिक है। समारोह में सैन्य अधिकारी, जवान, पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके परिजन मौजूद रहे।
