चंपावत 18 सितंबर 2026।
चंपावत में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक होने वाले ‘आंगन का मिलन सेवा’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी 681 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से कराने और अधिक से अधिक स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्धारित समय सुबह 9 से दोपहर 1 बजे के बीच ही आयोजित होंगे। इस दौरान पोषण आहार वितरण, गोद भराई, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
पिथौरागढ़ में बहुउद्देशीय शिविर, मौके पर सुनी गईं समस्याएं
पिथौरागढ़ में प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने ‘सेवा का संकल्प’ महाअभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। शिविर में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। मंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा का संकल्प’ अभियान 27 अक्टूबर तक चलेगा और ब्लॉक व तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों के जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
