हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड शासन के संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार गैरोला ने हरिद्वार स्थित ऋषिकुल विद्यापीठ ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय की प्राचीन यज्ञशाला में हवन-पूजन कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।


इस अवसर पर सचिव दीपक कुमार गैरोला ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिवस सेवा, समर्पण और कर्मयोग की भावना से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश के विकास और नागरिकों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्य प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हैं।
संस्कृत छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छात्र स्वयं को किसी भी तरह से हीन न समझें। संस्कृत शिक्षा और छात्रों के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रोफेसर विनय विद्यालंकार ने वेदों के महत्व और यज्ञ की प्राचीन परंपरा पर प्रकाश डाला। वहीं रूस से आए ज्योतिषी राजीव गुप्ता ने कहा कि विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और संस्कृत भाषा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े लोगों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋषिकुल विद्यापीठ के प्रधानाचार्य डॉ. बलदेव प्रसाद चमोली ने की। इस दौरान संस्कृत शिक्षा के उपनिदेशक डॉ. वाजश्रवा आर्य सहित कई शिक्षक, आचार्य और अन्य लोग मौजूद रहे।
