देहरादून, 16 सितंबर। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में 14 से 16 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय 37वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का बुधवार को समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव महर्षि ने ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काउ ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के कैलेंडर में शामिल इस प्रतियोगिता का आयोजन उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ की ओर से किया गया। प्रतियोगिता में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड सहित 8 राज्यों के करीब 900 एथलीटों ने अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18 और अंडर-20 आयु वर्ग के 128 इवेंट में प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के परिणाम:
बालक वर्ग में हरियाणा की टीम 266 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनी, जबकि उत्तर प्रदेश 264 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में भी हरियाणा ने 223 अंकों के साथ चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि उत्तर प्रदेश 191 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
इस अवसर पर संजय जोशी, ओलंपियन ओपी सिंह, सहायक खेल निदेशक राजेश मंगाई, सचिवालय प्रशासन सचिव युगल किशोर पंत, उत्तराखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव संदीप शर्मा, जितेन्द्र नेगी, सुबोध चौधरी, विजय चौधरी, विकास नेगी, के.जे.एस. कलसी और एएफआई के डायरेक्टर रविंद्र चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन सचिव एवं उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव के.जे.एस. कलसी ने बताया कि एएफआई के डायरेक्टर कॉम्पिटिशन रविंद्र चौधरी की देखरेख में एएफआई और उत्तराखंड के 60 तकनीकी अधिकारियों ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
