मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित “युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। अपने जन्मदिवस को युवा शक्ति के बीच मनाए जाने पर उन्होंने युवाओं का आभार जताया और कहा कि युवा ही विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत आधारशिला हैं।
सीएम ने कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर दे रही है। युवाओं को भविष्य की तकनीक और आधुनिक कौशल से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया—पहला, जीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करना, दूसरा, खुद नशे से दूर रहना और दूसरों को भी जागरूक करना और तीसरा, जीवन में सफलता हासिल करने के बाद अपने ज्ञान और सामर्थ्य का कुछ हिस्सा उत्तराखंड के विकास में लगाना।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी क्षेत्र में जाएं, लेकिन अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक जरूर बनें।







