देहरादून 14 सितंबर 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिंदी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में हिमालयी संस्कृति, परंपराओं और लोक जीवन पर आधारित पत्रिका ‘हिमालयन संस्कृति’ के प्रवेशांक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रिका के माध्यम से हिमालयी राज्यों की लोक आस्थाओं, रीति-रिवाजों, लोक कला, साहित्य, इतिहास, विरासत और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध पहलुओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हिमालयी लोक परंपराओं और विरासत का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। यह पत्रिका युवा पीढ़ी को हिमालय की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगी।
संपादक रजनीश कौंसवाल ने बताया कि पत्रिका में हिमालयी संस्कृति, लोक स्मृतियों, परंपरागत ज्ञान, लोक कलाओं और पर्यावरणीय चेतना को दस्तावेज के रूप में संरक्षित करने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि, पत्रकार और संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे।
