रुद्रपुर 10 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को रुद्रपुर के एक निजी होटल में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में प्रतिभाग किया। सम्मेलन में सिख समाज की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।










मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंजाबी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति भारत की शक्ति का प्रतीक है। सिख गुरुओं का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, मानवता की सेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा, कृषि, उद्योग, व्यापार और आपदा के समय सेवा कार्यों में पंजाबी एवं सिख समाज का योगदान अनुकरणीय रहा है। तराई क्षेत्र के विकास और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की आस्था और गौरवशाली परंपराओं को सम्मान देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर, लंगर को करमुक्त करने, वीर बाल दिवस घोषित करने सहित कई कदम इसका उदाहरण हैं।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड और सिख समाज का गहरा आध्यात्मिक संबंध है। हेमकुंड साहिब और रीठा साहिब राज्य की महत्वपूर्ण धार्मिक धरोहर हैं। उन्होंने बताया कि गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक करीब 12.5 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ा है। इससे श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ विरासत और सामाजिक समरसता को भी प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने युवाओं से गुरु साहिबान के जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, सेवा, साहस और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही तराई क्षेत्र के विकास में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के योगदान को भी याद किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सिख समाज ने राष्ट्र निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में सिख समाज सहित सभी वर्गों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
न्यूज पेपर के लिए एक हेडिंग दे दमदार
