देहरादून। कांग्रेस के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध और सामाजिक सौहार्द, समान अवसर एवं सम्मान के मुद्दे को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किए गए। देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित धरने में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक सम्मान, समानता और सौहार्द किसी राजनीतिक दल की राजनीति तक सीमित विषय नहीं हैं, बल्कि ये देश के सामाजिक ताने-बाने और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े हैं। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से सवाल किया कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में दलित, वंचित और पिछड़े समाज के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए कौन से ठोस कदम उठाए गए।
वक्ताओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर उनके विचारों और योगदान की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक विभाजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समान अवसर और आपसी सम्मान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित धरना-प्रदर्शनों के जरिए सामाजिक एकता, भाईचारे, समानता और सम्मान का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि वंचित एवं पिछड़े वर्गों के सम्मान और सामाजिक समरसता के लिए पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।
धरने में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, पूर्व मेयर सुनील उनियाल ‘गामा’, विनय गोयल, विधायक विनोद चमोली, रणजीत सिंह जाखी, दयाराम और धीरज भंडारी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





