देहरादून, 5 सितंबर 2026। उत्तराखंड में जनगणना के दूसरे चरण का काम शुरू हो गया है। जनगणना सचिव दीपक कुमार ने बताया कि सरकार ने दूसरे चरण की जनगणना के लिए 1 सितंबर से 30 सितंबर तक की समय-सीमा निर्धारित की है। हालांकि, काम की मौजूदा प्रगति को देखते हुए 20 से 25 सितंबर तक यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि जनगणना का मूल सिद्धांत है कि जिस स्थान पर व्यक्ति जनगणना के समय मौजूद होगा, उसकी गणना वहीं की जाएगी। उदाहरण के तौर पर यदि किसी गांव का व्यक्ति जनगणना के दौरान गांव में मौजूद नहीं है और किसी दूसरे स्थान पर रह रहा है, तो उसकी गणना उसी स्थान पर की जाएगी, जहां वह उस समय मौजूद होगा।
जनगणना विभाग के अनुसार, दूसरे चरण में निर्धारित प्रक्रिया के तहत लोगों से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों को तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
