देहरादून 4 सितंबर 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध संत नीम करौली बाबा के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। कैंची धाम आज विश्वभर में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में संत परंपरा, भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और इसमें शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में रिलीज हुई थी।







