देहरादून 4 सितंबर 2026।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही के चलते रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में अभी तक शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि सत्र शुरू नहीं होने से गरीब और मेधावी छात्रों को महंगे निजी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।
यशपाल आर्य ने मांग की कि दोनों मेडिकल कॉलेजों में इसी सत्र से 100-100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड के 200 युवाओं का कम फीस में डॉक्टर बनने का सपना पूरा होगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि डबल इंजन सरकार भारत सरकार और एनएमसी के साथ जरूरी समन्वय स्थापित कर इस वर्ष भी सत्र शुरू क्यों नहीं करा पाई। उन्होंने कहा कि औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में सत्र शुरू नहीं होना सरकार की राजनीतिक और प्रशासनिक नाकामी होगी।
आर्य ने पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए 100 और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में 25 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों की मान्यता दिलाने की भी मांग की।
