देहरादून 3 सितंबर 2026। गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी इस वर्ष तीज उत्सव को चैरिटी कार्यक्रम के रूप में आयोजित करेगी। 6 सितंबर को महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट में होने वाले कार्यक्रम का उद्देश्य नेपाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सहयोग जुटाना है।
कार्यक्रम में आपदा में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना और मौन रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योग ऋषि स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के सानिध्य में प्रार्थना एवं शांति पाठ होगा।
कमेटी की अध्यक्ष माया पंवार ने लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए यथासंभव सहयोग देने की अपील की है।
कमेटी ने बताया कि महिंद्रा ग्राउंड में पिछले 20 वर्षों से तीज मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस बार उत्सव को नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद के लिए समर्पित किया गया है।
