देहरादून 24 अगस्त 2026। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने सोमवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के चार वार्डों में जनसंपर्क किया। इस दौरान आयोजित सभाओं में उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में पिछले 30 वर्षों से भाजपा का कब्जा है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र के लोग आज भी बिजली, पानी, सड़क और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
महर्षि ने द्रोणपुरी, पटेल नगर पूर्व, कांवली रोड और विजय पार्क वार्डों में जनसंपर्क किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें बिजली, पेयजल और सड़क संबंधी समस्याओं से अवगत कराया।
महर्षि ने कहा कि वर्ष 2022 में कौलागढ़ में एक सड़क दलदल में धंस गई थी, जिसकी स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है। वार्डों की विभिन्न कॉलोनियों में सीवर व्यवस्था, पेयजल और बिजली की स्थिति खराब है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं करा पाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में आम लोगों की किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हो रही है। जनता भाजपा के शासन से त्रस्त है और बदलाव चाहती है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदीश धीमान ने कहा कि लोगों के सब्र का बांध अब टूट चुका है और भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यक्रम आयोजक संजय भारती, कैंट विधानसभा ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस अंजू भारती, सौरव शर्मा, गीतांजलि शर्मा, दीपक कुमार, बब्बन भाई, पूनम गुप्ता, कौशल्या देवी, प्रीति गुप्ता आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस सचिव गीताराम जायसवाल ने किया।



