देहरादून 24 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने जनसमस्याओं के साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषय और सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े और जनहित के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग कुलदीप की समस्या सुनते हुए तत्काल आर्थिक सहायता और ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति, देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति, हरिद्वार सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रतिनिधिमंडलों की मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान करने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।





