1,002 एकड़ भूमि NUITL के कब्जे में, परियोजना स्थल पर कोई बाधा नहीं: मुख्यमंत्री
20 मार्च 2026 को EPC अनुबंध, निर्माण कार्य शुरू—24.1 किमी ROW क्लियर कर ठेकेदार को उपलब्ध
नागला-किच्छा SH-44 का 10.7 किमी फोरलेन मार्ग और 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण पर विशेष फोकस
दिसंबर 2028 तक ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य
नई दिल्ली में NICDIT की शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल प्रतिभाग किया
देहरादून 27 अगस्त 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट (NICDIT) की तृतीय शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में वर्चुअल प्रतिभाग किया। बैठक में औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति और समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में विकसित किए जा रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC), खुरपिया की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार IMC खुरपिया को औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए निर्धारित 1,002 एकड़ भूमि NUITL के कब्जे में है और वर्तमान में स्थल पर कोई बाधा नहीं है। EPC अनुबंध 20 मार्च 2026 को हो चुका है और निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। परियोजना के तहत 24.1 किलोमीटर ROW क्लियर कर EPC ठेकेदार को उपलब्ध कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि IMC की बाह्य कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए नागला-किच्छा SH-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन करने की कार्यवाही की जा रही है। वहीं, 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण के लिए PITCUL द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि IMC खुरपिया के ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना की लगातार निगरानी और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि IMC खुरपिया से उत्तराखंड में निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से इसे आधुनिक और निवेश-अनुकूल औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
