देहरादून 17 अगस्त 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।






मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। ऐसे आयोजन उत्तराखंड की पहचान शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में मजबूत करने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है और भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेलों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से प्रदेश में आधुनिक खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है। स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज पर भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर, खेल छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। सरकार विंटर स्पोर्ट्स, आइस स्पोर्ट्स, वॉटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है।
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 17 से 20 अगस्त तक देहरादून में आयोजित की जा रही है।
