शहीद के परिजनों को किया सम्मानित, वीर जवान को श्रद्धापूर्वक किया नमन
देहरादून, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाऊवाला स्थित शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के आवास पहुंचे और उनके परिजनों से भेंट कर कुशलक्षेम जानी। उन्होंने शहीद के पिता नागेंद्र प्रसाद अणथ्वाल सहित परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया और वीर सपूत को श्रद्धापूर्वक नमन किया।



मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को याद करने का पावन पर्व भी है। शहीद परिवारों का सम्मान पूरे समाज और राष्ट्र का सम्मान है। राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के साथ सदैव खड़ी है।
पौड़ी गढ़वाल के कल्जीखाल विकासखंड के ग्राम क्वाला निवासी अमित कुमार अणथ्वाल 2011 में गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे और बाद में 4 पैरा स्पेशल फोर्स में सेवाएं दीं। अप्रैल 2020 में जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पांच आतंकियों को मार गिराया। इस अभियान में वे अपने चार साथियों के साथ शहीद हो गए।
उनकी वीरता के लिए उन्हें मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद अमित कुमार अणथ्वाल का बलिदान उत्तराखंड और देश के लिए हमेशा गर्व का विषय रहेगा।
