देहरादून। दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में दीक्षारंभ कार्यक्रम ‘युवा संवाद’ आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी, स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल साइंसेज के नवनिर्मित भवन और ‘दून विश्वविद्यालय कम्युनिटी रेडियो 88.4 एफएम’ का उद्घाटन किया। उन्होंने केंद्रीय लाइब्रेरी का नाम भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखने की घोषणा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्कूल ऑफ लैंग्वेज के विभिन्न भाषा विभागों में यूजीसी मानकों के अनुसार शैक्षणिक पदों और कम्युनिटी रेडियो में दो पदों पर नियुक्ति की स्वीकृति दी। साथ ही विद्यार्थियों की परिवहन सुविधा के लिए दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने पर सहमति जताई।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से देश के प्रति समर्पित रहने और एआई, मशीन लर्निंग तथा शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। ‘युवा संवाद’ में छात्रों ने रोजगार, स्किल डेवलपमेंट, मानसिक स्वास्थ्य, रोड सेफ्टी और दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों से जुड़े सवाल पूछे।
विधायक विनोद चमोली ने विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता की सराहना करते हुए सिटी मैनेजमेंट को बढ़ावा देने की बात कही। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





