देहरादून 11 अगस्त 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में जल जीवन मिशन की प्रगति, वित्तीय स्थिति और पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव की समीक्षा की। उन्होंने हर घर जल का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने और शेष पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित समयसीमा में नल कनेक्शन देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन की सफलता केवल कनेक्शन देने से नहीं, बल्कि हर घर में नियमित, पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचने से तय होगी। पूर्ण योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराने के साथ ही लंबित योजनाओं को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि राज्य में जल जीवन मिशन की 16,555 योजनाओं में से 15,540 पूरी हो चुकी हैं और राज्य की औसत प्रगति 92.46 प्रतिशत है। वहीं 14.48 लाख ग्रामीण परिवारों में से 14.20 लाख परिवारों को नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। 14,979 गांवों में से 9,796 गांवों में हर नल से जल पहुंचने का सत्यापन भी हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के पुनर्भरण पर विशेष जोर देते हुए जनपदवार लक्ष्य, समयसीमा और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
