रुद्रपुर 9 अगस्त 2026।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनका उत्तराखंड दौरा पर्यटन के उद्देश्य से नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन को मजबूत करने के लिए है।
श्री खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति हमेशा अपने से वरिष्ठ नेताओं और विपक्षी नेताओं का सम्मान करने की रही है। उन्होंने कहा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी विपक्ष में रहते हुए कर्नाटक आते थे, तब कांग्रेस के नेता उनका सम्मान करते थे और उनके रहने-खाने की उचित व्यवस्था करते थे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन वरिष्ठ और बुजुर्ग नेताओं का सम्मान करना राजनीतिक मर्यादा का हिस्सा है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री द्वारा उनके दौरे को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री खड़गे ने कहा कि उनसे पूछा जा रहा है कि वे उत्तराखंड क्यों आए हैं और क्या वे यहां ‘टूरिज्म’ के लिए आए हैं। इसके जवाब में उन्होंने कहा—
“मैंने पूरी दुनिया का टूर किया है, पूरे हिंदुस्तान का टूर किया है। यहां टूरिज्म के लिए नहीं आया हूं। मैं अपने लोगों के लिए आया हूं, अपनी जनता के लिए आया हूं, छात्रों के लिए आया हूं, कांग्रेस पार्टी को जिंदा रखने के लिए आया हूं और भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए आया हूं।”
श्री खड़गे के इस बयान को उत्तराखंड में कांग्रेस के आगामी राजनीतिक अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके संबोधन में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और प्रदेश में राजनीतिक बदलाव के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का आह्वान किया गया।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
