देहरादून 8 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के तहत 9 लाख 87 हजार 17 पेंशन लाभार्थियों को जुलाई 2026 की कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाई जा रही है, ताकि बुजुर्गों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगों और अन्य पात्र लाभार्थियों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई माह में वृद्धावस्था पेंशन के 6.15 लाख, विधवा पेंशन के 2.36 लाख और दिव्यांग पेंशन के 89 हजार से अधिक लाभार्थियों समेत विभिन्न योजनाओं के कुल 9.87 लाख लोगों को पेंशन दी गई। इनमें केंद्र के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं।
