देहरादून 17 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून का पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।







मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाता है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को भी स्थान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों के विकास और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट दिया है और प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन राज्य की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
