कोटद्वार, 16 जुलाई 2026।
हरेला पर्व के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने वन विभाग कोटद्वार और भाजपा वीर चंद्र सिंह गढ़वाली भाबर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में मालन धाम, मालन नदी तट पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
उन्होंने शीशम का पौधा रोपकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वन विभाग ने इस अवसर पर नीम, पीपल, शीशम सहित 250 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने पूरी दुनिया को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण और स्वच्छ वायु के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने बताया कि हरेला पर्व की शुरुआत उन्होंने अपने निंबूचौड़ स्थित आवास पर वृक्षारोपण कर की, जिसके बाद मालन धाम के कार्यक्रम में शामिल हुईं।
