देहरादून, 16 जुलाई 2026। लोकपर्व हरेला के अवसर पर उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपनी धर्मपत्नी निर्मला जोशी के साथ शासकीय आवास परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और संस्कृति से हमारे जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराता है।
कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने अपील की कि लोग केवल पौधरोपण ही न करें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह संकल्प सार्थक हो सके।
