देहरादून 10 जुलाई 2027। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में प्रेसवार्ता कर पार्टी की चुनावी तैयारियों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड दौरे का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने पार्टी के राजनीतिक मामलों की समिति, विधायकों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक कर संगठन और चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और जनता के सहयोग से सरकार बदलने का माहौल तैयार करेंगे।
उन्होंने बेरोजगारी, पलायन और पेपर लीक जैसे मुद्दों को प्रदेश की सबसे बड़ी समस्याएं बताते हुए कहा कि कांग्रेस इन्हीं जनसरोकारों को लेकर जनता के बीच जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिए कांग्रेस एक व्यापक और जनहितकारी घोषणा पत्र भी जारी करेगी।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पार्टी में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है। उन्होंने अयोध्या चंदा चोरी और बद्रीनाथ धाम में हुई चोरी के मामलों की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कुमारी शैलजा ने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के शीर्ष नेता भी उत्तराखंड का दौरा करेंगे और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस राज्य की राजनीति में मजबूत वापसी करेगी।
