देहरादून, 5 जुलाई 2026। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने रिंग रोड स्थित किसान भवन में सहकार भारती उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारिता सेवा, स्वावलंबन और ग्रामीण विकास का सशक्त माध्यम है तथा एम-पैक्स किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती, श्री अन्न (मिलेट), बागवानी और कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देकर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कृषि मंत्री ने बताया कि सहकारिता एवं कृषि विभाग के माध्यम से किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों से मंडुवा (मोटा अनाज) की खरीद की जा रही है तथा संग्रहण कार्य के लिए महिलाओं को प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। इससे किसानों को उचित मूल्य मिलने के साथ महिला समूहों की आय में भी वृद्धि हो रही है।
उन्होंने एम-पैक्स पदाधिकारियों से पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र किसान तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
