ऋषिकेश 16 जून 2026।
पत्र सूचना कार्यालय (PIB) देहरादून द्वारा मंगलवार को ऋषिकेश स्थित रेल विकास निगम सभागार में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेयर शम्भू पासवान ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पांच पुस्तिकाओं का विमोचन किया।
कार्यशाला में केंद्र सरकार की आर्थिक विकास, जनकल्याण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा हुई। मेयर पासवान ने कहा कि पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, किसान सम्मान निधि और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण बताया।
रेल विकास निगम के अधिकारियों ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है और इसके निर्माण में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। मुख्य भू-वैज्ञानिक विजय डंगवाल ने कहा कि सुरंगों से निकलने वाले पानी को अमृत सरोवर परियोजना के तहत जल संरक्षण के लिए उपयोग किया जाएगा।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के एचओडी (बिजनेस) रोहित बडोला ने पीएम स्वनिधि और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण की जानकारी दी।
पीआईबी के मीडिया एवं संचार अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और संवाददाताओं के साथ समन्वय स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं की सही एवं प्रामाणिक जानकारी जनता तक पहुंचाना है।
