गदरपुर 13 जून 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के लिए सुरक्षा, आवागमन, आवास, चिकित्सा एवं अन्य सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं और ऐसे अंतर्राष्ट्रीय आयोजन राज्य को एडवेंचर स्पोर्ट्स एवं पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से युवाओं को अवसर मिलने के साथ-साथ पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक अरविन्द पांडेय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





