टनकपुर-बनबसा में 86.83 करोड़ से सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था, जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत
पूर्णागिरि धाम में 45 करोड़ से रोपवे और टनकपुर में 237.74 करोड़ से बनेगा आधुनिक बस अड्डा।
लोहाघाट में 256.97 करोड़ की लागत से बन रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को किया सम्मानित।
चम्पावत 23 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत दौरे के दौरान जनपद को 165.68 करोड़ रुपये की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इनमें से 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ ही सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का संकल्प केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे धरातल पर उतारने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। इन विकास योजनाओं से सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है।
टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में करीब 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों और जल निकासी व्यवस्था का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान दोनों क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण भी गतिमान है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पहले चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की है।
पूर्णागिरि धाम में रोपवे, सीमांत क्षेत्र में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा बनबसा में भारत सरकार की करीब 502 करोड़ रुपये की लागत वाली लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
बेटियों को खेलों में आगे बढ़ाएगा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बेटियों को खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा 55.53 करोड़ रुपये की लागत से विज्ञान केंद्र और करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जनपद में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के तहत बस्टिया निवासी त्रिलोक सिंह सामंत, महिला बकरी पालन योजना के तहत गुदमी निवासी लक्ष्मी देवी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत उचोलीगोठ निवासी पूजा महर, कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) के लिए बिचई निवासी रोहित चंद और स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए गुदमी निवासी आनंद प्रसाद शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इन लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जनपद के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
