बिन्दुखत्ता में लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव का समापन, महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि।
एक हजार लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार बनेगा, स्व. मेहरा के पैतृक गांव में विद्यालय और स्टेडियम बनाने की भी घोषणा।
बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के लिए केंद्र सरकार से संवाद जारी।
बिन्दुखत्ता (नैनीताल) 23नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सांस्कृतिक योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सामूहिक प्रयास करने होंगे।
मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। साथ ही स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की घोषणा भी की। उन्होंने स्व. मेहरा के परिजनों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, मातृशक्ति का संघर्ष, युवाओं की भावनाएं और सामाजिक चेतना दिखाई देती है। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और अधिकारों का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम को अभिव्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कलाकार की असली पहचान उसकी रचनाओं से होती है, जो उसके जाने के बाद भी समाज को प्रेरित करती रहती हैं।
धामी ने कहा कि आधुनिकता के दौर में लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को सहेजना जरूरी है। लोकथात जैसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ विरासत के संरक्षण के संकल्प पर काम कर रही है। केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों का भी विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया गया है, जबकि विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू किया गया है। सूर्यानाला और लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। बिन्दुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। वहीं लालकुआं क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है। गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा वन क्षेत्रों से लगे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का काम भी किया जा रहा है।
बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। राज्य सरकार इस दिशा में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और केंद्र सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने वनाधिकार समिति के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
