1,429 छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग, तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से की सहभागिता।
श्रीनगर गढ़वाल, 18 नवंबर 2026। तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर में बुधवार को गढ़वाल मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में गढ़वाल मंडल के विभिन्न राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के 1,429 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जबकि देश की 55 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं की चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे रोजगार मेले युवाओं को सीधे उद्योग जगत से जुड़ने और अपनी तकनीकी दक्षता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
रोजगार मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक दक्षता के आधार पर साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। विभिन्न औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्रों की कंपनियों की भागीदारी से युवाओं को रोजगार के अवसरों के साथ उद्योगों की जरूरतों और चयन प्रक्रिया की जानकारी भी मिली।
इस अवसर पर निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज ने विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश पांडेय ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवान, भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, सामाजिक कार्यकर्ता लखपत भंडारी, सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ. राजेश उपाध्याय, उपनिदेशक एम.के. कन्याल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। रोजगार मेले के सफल आयोजन में प्रभारी उपनिदेशक एस.के. वर्मा और संस्थान के प्रधानाचार्य सचिन कुमार शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
